आदित्यपुर: थाना रोड में लगने वाले सब्जी बाजार में मंगलवार सुबह काली पूजा के नाम पर फुटपाथी सब्जी दुकानदारों से कथित रूप से जबरन चंदा वसूली का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ युवक दुकानदारों से 200- 200 रुपये की मांग कर रहे थे. मांग के मुताबिक पैसे नहीं देने पर दुकानदारों से गाली- गलौज, मारपीट की धमकी और दुकान हटाने की चेतावनी देने का भी आरोप है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटू साव नामक युवक अपने पांच-सात साथियों के साथ बाजार पहुंचा और काली पूजा के नाम पर चंदा मांगना शुरू किया. आरोप है कि कम पैसे देने अथवा विरोध करने वाले दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. इस दौरान कुछ दुकानों में रखी सब्जियों को लात मारकर बिखेरने का भी आरोप लगाया गया है.
घटना के दौरान बाजार में मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद आदित्यपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान और तलाश कर रही है.
थाना परिसर के बिल्कुल समीप स्थित बाजार में ऐसी घटना सामने आने से फुटपाथी दुकानदारों में नाराजगी है. दुकानदारों ने जबरन चंदा वसूली करने और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल दुकानदारों द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.

