सरायकेला: खरसावां के बेहरासाई गांव में मंगलवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने अफरा-तफरी मचा दी. तेज रफ्तार ट्रक ने बेहरासाई चौक पर लगे 100 केवीए के बिजली ट्रांसफार्मर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई. गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया. इस दौरान सड़क किनारे मौजूद बच्चे, राहगीर और अन्य वाहन उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए. इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
युवकों ने ट्रक का पीछा कर बेहरासाई मस्जिद के पास उसे रोक लिया. इसके बाद कुछ आक्रोशित युवकों ने चालक की पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या CG 14 MR 1402 पदमपुर गांव में आयोजित काली मेला में सामान पहुंचाने आया था. मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पदमपुर से चांदनी चौक होते हुए बेहरासाई के रास्ते लौटने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराया.
सूचना मिलते ही खरसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह परिचालन पर चिंता जताई है. लोगों ने चालक की मेडिकल जांच कराने के साथ पूरे मामले की जांच और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है.

