सरायकेला: छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर नगर पंचायत और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में श्री जगन्नाथ घाट एवं कुंदरसाईं घाट का संयुक्त निरीक्षण किया गया.


निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, पार्किंग और छठव्रती महिलाओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही पर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी.
निरीक्षण में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान, वार्ड पार्षद अंजली राय, वरुण साहू, गौतम नायक सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी उपस्थित थे.
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: मनोज चौधरी
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है. इस दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि छठव्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों की साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर रहेगा विशेष ध्यान: एसडीओ
अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. घाटों के निरीक्षण का उद्देश्य संभावित समस्याओं की पहचान कर समय रहते उनका समाधान सुनिश्चित करना है.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान सामने आई आवश्यकताओं को संबंधित विभागों के समन्वय से समय पर पूरा कराया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके.
चिह्नित कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाएगा पूरा: विपुल सनी
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी ने कहा कि संयुक्त निरीक्षण के दौरान चिह्नित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा. घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी हो सकें.
नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय से दोनों घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है. अब श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण के दौरान तैयार की गई कार्ययोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

