चांडिल/कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह-बाबूडीह में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया. रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ. फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर स्पोर्टिंग की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि मास्टर स्पोर्टिंग की टीम उपविजेता रही.


प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क 4,501 रुपये निर्धारित किया गया था. विजेता जूनियर स्पोर्टिंग टीम को 30,001 रुपये नकद एवं आकर्षक ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. वहीं, उपविजेता मास्टर स्पोर्टिंग की टीम को 20,001 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई. पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेलप्रेमी मैदान में जुटे.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय सचिव गोपेश महतो उपस्थित रहे. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है.
उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति रुचि बनाए रखने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की.
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, राजपरिवार के सदस्य कल्याण चंद्र सिंह, ईचाडीह पंचायत के मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान रघुबर कुमार, पंचायत समिति सदस्य मंगल मुंडा, जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता विष्णु महतो, आयोजन समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे. प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

