चाईबासा/सोनुआ: श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 139वां जन्मोत्सव समारोह रविवार को सोनुआ प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित स्टेडियम में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया. इस अवसर पर सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया. कार्यक्रम की शुरुआत ऊषा कीर्तन एवं प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के साथ हुई. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर साधारण सभा का आयोजन किया गया, जिसमें रांची और भुवनेश्वर से पहुंचे ऋत्विकों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रवचन दिया.


रांची से आए ऋत्विक रंजीत गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन को सार्थक और सफल बनाना है तो सद्गुरु की शरण में आना होगा. वहीं, ओडिशा के भुवनेश्वर से आए ऋत्विक कृति सुंदर कामिला ने कहा कि वर्तमान समय में श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी द्वारा बताए गए नीति-नियमों का पालन कर हम अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि भारत में जो आध्यात्मिक शक्ति है, वह दुनिया के दूसरे देशों में नहीं है. भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा विश्व को सही दिशा देने की क्षमता रखती है.

झूमर सम्राट संतोष महतो की टीम ने भजन-कीर्तन से बांधा समां
कार्यक्रम में राजखरसावां से पहुंचे झूमर सम्राट संतोष महतो एंड टीम ने भक्तिमय भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी. संतोष महतो और दीपिका महतो ने झूमर के साथ-साथ भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. भक्ति संगीत की धुन पर सत्संग में पहुंचे श्रद्धालु, सदस्य और बच्चियां नृत्य करते हुए झूम उठे.
मातृ सम्मेलन में आदर्श परिवार के निर्माण पर हुई चर्चा
समारोह के दौरान मातृ सम्मेलन का भी आयोजन किया गया. इसमें आदर्श परिवार के गठन एवं समाज निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने परिवार में संस्कार, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला. इसके अलावा श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया.
इनकी रही विशेष भागीदारी
समारोह को सफल बनाने में ऋत्विक गोकुल चंद्र महतो, जजक सुनील प्रधान, अध्यक्ष सुबोध प्रधान, बैद्यनाथ प्रधान, काजल प्रधान, दिलीप प्रधान, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, कृष्णा प्रजापति, जगन्नाथ साहू, प्रदीप साहू, देवा प्रधान, मनसा महतो, अनिल बारी, गीता महतो, तामसा प्रजापति, आशा गोप, संगीता साहू, दुखनी दास समेत अन्य श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा.
रिपोर्ट : जयंत प्रमाणिक

