जमशेदपुर: धार्मिक श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच पवित्र दानोत्तम कठिन चीवर दान 2026 समारोह संपन्न हुआ. दो चरणों में आयोजित कार्यक्रम में बौद्ध परंपराओं के निर्वहन के साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए.


कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भिक्षुसंघ की उपस्थिति में विश्व धार्मिक ध्वज फहराकर हुई. भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर ने ध्वजारोहण के बाद रक्तदान, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया. इसके बाद गाथा पाठ, बुद्ध पूजा और दीप प्रज्ज्वलन हुआ. बोधि सोसाइटी के महासचिव साधन बड़ुआ ने स्वागत भाषण दिया. कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से पहुंचे भिक्षुसंघ के सदस्यों के साथ बोधि सोसाइटी के अध्यक्ष अलोक रंजन बड़ुआ मौजूद रहे.
दूसरे चरण में दोपहर 2 बजे भिक्षुसंघ एवं उपासक-उपासिकाओं की सहभागिता से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इसके बाद भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर की अध्यक्षता में धर्मसभा एवं पवित्र कठिन चीवर दान समारोह आयोजित हुआ. पंचशील प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद पुण्यदान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.
आयोजन के माध्यम से भगवान बुद्ध के दान, शील, त्याग, करुणा, मैत्री और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.

