जामताड़ा: चित्तरंजन- मधुपुर रेलखंड पर रेलवे की ओर से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. अभियान के तहत मधुपुर स्टेशन पर बड़ी संख्या में टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) की टीम विभिन्न ट्रेनों में सवार हुई और यात्रियों के टिकटों की जांच शुरू की. इस दौरान आरपीएफ के जवान भी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तैनात रहे. विशेष अभियान के दौरान पटना- धनबाद एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, लोकल मेमू सहित विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई. जांच के क्रम में कुल 101 यात्री बिना वैध टिकट के यात्रा करते पकड़े गए. रेलवे की टीम ने इन बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में 80 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल की.


अचानक चलाए गए इस विशेष अभियान से बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा रहा. रेलवे की इस कार्रवाई का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना तथा रेलवे राजस्व में होने वाले नुकसान को रोकना है. रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

