लोहरदगा: कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में शनिवार को लोहरदगा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया. महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान निबंध लेखन, कविता लेखन, सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य एवं मूक अभिनय जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.


कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सहित पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती अंजना दास, जिला खेल पदाधिकारी श्री उपवन बड़ाई, कार्यालय सहायक श्री लखन राम, अजय कुमार (साहनी), मुख्य अभियंता अंजनी लकड़ा, डीएमओ मधु तिर्की, जिला खेल समन्वयक तपई उरांव, नीरज देव, अभिषेक कुजूर, महादेव उरांव, विकास कुजूर, दीपक अंसुल कुजूर एवं पूजा कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी अतिथियों का बैज पहनाकर स्वागत किया गया. इसके बाद विधिवत रूप से महोत्सव का शुभारंभ हुआ.

प्रतियोगिताओं के सफल संचालन एवं प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल में रमेश राम, लोकनाथ लोहरा, गोपेश लोहरा, कला मुंडा, विजय कुमार राय, रिंकू देव, शुभम सिंह, पलक सिंह, अंजली सिंह, सुमन कुमारी एवं गणेश भगत शामिल रहे. निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, कला एवं प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए.
बीएस कॉलेज ने लोकगीत और लोकनृत्य में मारी बाजी
प्रतियोगिताओं में कविता लेखन के तहत राजकीय उच्च विद्यालय, लोहरदगा के राज आर्य सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीएस कॉलेज, लोहरदगा के प्रतिभागियों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की.

सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में बीएस कॉलेज, लोहरदगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), भंडरा की टीम दूसरे स्थान पर रही. सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में भी बीएस कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. इस प्रतियोगिता में केजीबीवी, भंडरा को द्वितीय स्थान मिला.
वहीं, मूक अभिनय प्रतियोगिता में जीटीपीएस ने प्रथम तथा एमबी डीवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय दिया.
विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना तथा साहित्य, कला, संगीत और लोकसंस्कृति के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना था. आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिला.

