जामताड़ा: पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर में शनिवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक की अस्वाभाविक मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शांतनु हाजरा के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने रूपनगर के अंतिम छोर पर स्थित एक आश्रम के बाहर निर्माणाधीन हिस्से के पिलर से उसे लटका हुआ देखा. उसके गले में नायलॉन की रस्सी का फंदा था. वहीं, उसका चेहरा और सिर प्लास्टिक से ढका हुआ था.


घटना की जानकारी मिलते ही रूपनारायणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर थाने ले गई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
आश्रम सूत्रों के अनुसार, निर्माणाधीन हिस्से के एक पिलर से नायलॉन की रस्सी के सहारे युवक का शव लटका हुआ था. सुबह स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
स्थानीय यूथ क्लब सूत्रों के मुताबिक, शांतनु इलाके में शांत और मिलनसार स्वभाव के युवक के रूप में जाना जाता था. वह कई बार पुस्तक मेले के दौरान गार्ड के रूप में अपनी सेवाएं दे चुका था. रूपनारायणपुर के कई फार्मेसी स्टोर से भी उसका संपर्क था. बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से वह रूपनगर स्थित एक स्वास्थ्य संस्थान के फार्मेसी विभाग से जुड़ा हुआ था.
अविवाहित शांतनु अपनी मां के साथ सीमांतपल्ली स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रहता था. घटना के पीछे की वजह को लेकर उसकी मां भी फिलहाल कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शांतनु दिवंगत गणा हाजरा का पुत्र था.
फिलहाल युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

