सरायकेला: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रखने का आदेश जारी किया है. यह आदेश केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा.


जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से 28 अक्टूबर को जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है.
हालांकि विद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे. ई-विद्यावाहिनी से जुड़े सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है. वहीं, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उनके संबंध में विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से निर्णय ले सकेगा.

