गिरिडीह: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध खंडोली पर्यटक स्थल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक कथित प्रेमी जोड़े को लेकर लोगों की भीड़ और हंगामे की स्थिति दिखाई देने की बात कही जा रही है. इसके बाद परिजनों एवं मौके पर मौजूद लोगों के दबाव में युवक से युवती की मांग में सिंदूर भरवाए जाने का दावा किया जा रहा है.


मिली जानकारी के अनुसार युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती डुमरी थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है. युवती बेंगाबाद के एक गांव में अपनी बहन के घर आई हुई थी. इसी दौरान वह कथित प्रेमी के साथ खंडोली घूमने पहुंची थी.
बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी युवती के परिजनों को मिली तो वे खंडोली पहुंच गए. इसके बाद दोनों को लेकर विवाद शुरू हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान युवक से युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.
हालांकि किन परिस्थितियों में युवक से सिंदूर भरवाया गया, दोनों की उम्र क्या है और इस पूरे घटनाक्रम में युवक-युवती की सहमति थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी भी फिलहाल नहीं मिली है.

