आदित्यपुर: थाना क्षेत्र में करीब तीन साल पहले हुए सोना लूटकांड में पुलिस ने फरार आरोपी को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी 26 वर्षीय सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदु के रूप में हुई है.


मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 6 अगस्त 2023 की सुबह गम्हरिया लाल बिल्डिंग के समीप स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स से अपराधियों ने करीब 545 ग्राम सोना, जिसकी तत्कालीन अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये थी, लूट लिया था. मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
जांच के दौरान सुरेश राय का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस के मुताबिक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था. पिछले चार-पांच महीने से उसकी गतिविधियों पर नजर रखकर खुफिया जानकारी जुटाई जा रही थी.
उनके निर्देश पर गठित टीम ने 26 अक्टूबर को वैशाली के कंचनपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने लूटकांड में अपनी और अन्य अपराधियों की संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस उसके अन्य कथित आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है.
छापेमारी टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, एसआई असलम अंसारी, एएसआई धर्मराज कुमार और आरक्षी दीपक कुमार दास शामिल थे. पुलिस अब लूट में शामिल अन्य आरोपियों और लूटे गए सोने के संबंध में आगे की जांच कर रही है.

