जमशेदपुर: चार धाम और बारह ज्योतिर्लिंग के दर्शन के संकल्प के साथ पैदल यात्रा पर निकले उत्तर प्रदेश बरेली के तीन युवकों का दल सोमवार को पश्चिम बंगाल के रास्ते जमशेदपुर पहुंचा. युवकों के मुताबिक उनकी पैदल यात्रा को चार महीने 26 दिन हो चुके हैं.


जमशेदपुर पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में युवकों ने बताया कि वे गौ माता को राष्ट्रीय माता और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने की कामना एवं इसका संदेश लेकर यात्रा पर निकले हैं. इसके साथ ही उनका लक्ष्य चार धाम और बारह ज्योतिर्लिंग के दर्शन करना है.
युवकों ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य किसी धर्म का विरोध करना नहीं है. उनके लिए सभी धर्म समान हैं और किसी खास धर्म से उनका कोई बैर नहीं है. उनका कहना है कि वे भारत की अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर संदेश देते हुए इस पैदल यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं.
तीनों युवकों के अनुसार लंबी और कठिन यात्रा के बावजूद उनका संकल्प बरकरार है और वे निर्धारित धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए अपनी यात्रा जारी रखेंगे.

