बोकारो: जिले के बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत तेनुघाट-पेटरवार मुख्य मार्ग स्थित एक ट्रैक्टर गैरेज में अचानक भीषण आग लग गई. गैरेज में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और अंदर रखे ट्रैक्टर के पार्ट्स समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए.


गैरेज मालिक प्रेमलेश शर्मा ने बताया कि घटना के समय वह घर पर खाना खा रहे थे. स्थानीय लोगों ने उन्हें गैरेज में आग लगने की सूचना दी. उनके अनुसार अग्निकांड में करीब 25 से 30 लाख रुपये या उससे अधिक के नुकसान का अनुमान है. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलने पर तेनुघाट दमकल विभाग के प्रधान अग्निशामक दीनानाथ शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया.
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाके तक आग फैलने से बच गई.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

