जामताड़ा: जामताड़ा शहर के साइडिंग रोड स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण, नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. मकान मालिक अरनव साधु दुर्गापूजा के दौरान अपने गांव घसनिया गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे जब मकान की रखवाली करने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा, तो उसने मकान की बाउंड्री टूटी हुई देखी. घर के अंदर प्रवेश करने पर चोरी की घटना का पता चला. इसके बाद मामले की सूचना संबंधित लोगों को दी गई.
सोने की चेन, पांच अंगूठियां और नकदी चोरी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर बाउंड्री तोड़कर मकान के अंदर घुसे थे. घर से सोने की एक चेन, पांच अंगूठियां और करीब 50 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है. घटना के बाद इलाके में चोरी की इस वारदात को लेकर चर्चा है.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मकान का निरीक्षण किया और पीड़ित मकान मालिक से चोरी की घटना के संबंध में जानकारी ली.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

