पाकुड़ : रविंद्र भवन टाउन हॉल में सोमवार को तेजस जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. DPIIT, Startup India, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया.


कार्यशाला में युवाओं को Startup शुरू करने, नवाचार, मेंटरशिप, वित्तीय सहयोग, बाजार से जुड़ाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. अधिकारियों और विशेषज्ञों ने युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया.
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि युवा अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान को Startup के रूप में विकसित कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि किसी बड़े व्यवसाय की शुरुआत के लिए हमेशा बड़ा निवेश जरूरी नहीं होता, छोटे और उपयोगी विचार से भी सफल व्यवसाय खड़ा किया जा सकता है.
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पाकुड़ जिले में वर्तमान में सात Startup पंजीकृत हैं. उन्होंने युवाओं से उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की.
कार्यशाला में विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों, नवोन्मेषकों और उभरते उद्यमियों ने भाग लिया. विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उद्यमिता, नवाचार, वित्तीय सहायता और रोजगार सृजन के अवसरों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया.

