गिरिडीह: जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका फूफा गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे.


मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के बिसौली निवासी लाटो तुरी अपने ससुराल चंदौरी आए हुए थे. सोमवार सुबह वह अपने भतीजे करण तुरी, पिता सिकंदर तुरी, के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान बरहमसिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि करण तुरी उछलकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराए. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान करण ने तोड़ा दम
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिसरी पहुंचाया. वहां डॉ.
जैनेंद्र और स्वास्थ्यकर्मी तासीर ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गिरिडीह रेफर किया गया.
हालांकि, परिजन दोनों को गिरिडीह ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि करण तुरी ने दम तोड़ दिया. वहीं, फूफा लाटो तुरी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने करण तुरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है. घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

