खरसावां: गांधी जयंती के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत भोया फुटबॉल मैदान में नव युवक संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों और गांवों की टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.


फाइनल मुकाबला जीएस ब्रदर्स और रितेश SPO टीम के बीच खेला गया. रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीएस ब्रदर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. विजेता जीएस ब्रदर्स को ₹80 हजार, जबकि उपविजेता रितेश SPO टीम को ₹60 हजार का पुरस्कार दिया गया.
तीसरे स्थान पर रही चक्रधरपुर की टीम को ₹35 हजार और चौथे स्थान पर रही LPG बॉयज को ₹11 हजार प्रदान किए गए. वहीं पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी ₹11-11 हजार की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई उपस्थित रहे. दोनों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है. फुटबॉल झारखंड की पहचान से जुड़ा खेल है और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं. ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, भाईचारा और खेल भावना विकसित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देती हैं.
समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है. खेलकूद युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, रजनी बानरा, बबलू गोडसरा, सतीश पुरती, डिंबू तियू, राहुल गोप, राजेश कर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.

