राजनगर: दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर सोमवार को राजनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडु ने की. इसमें थाना क्षेत्र की आठ प्रमुख दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.


बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पंडालों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई. प्रशासन ने पूजा समितियों को निर्धारित नियमों के तहत आयोजन करने का निर्देश दिया. स्पष्ट किया गया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर रोक रहेगी.
सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडु ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी खबर, वीडियो या संदेश को साझा नहीं करें. भ्रामक, आपत्तिजनक या विवाद पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.
विजयादशमी पर राजनगर दुर्गापूजा समिति की ओर से आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करने और उनकी पहचान के लिए बैज लगाने का निर्देश दिया गया.
सुरक्षा के मद्देनजर सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया गया. कैमरों के जरिए पंडाल और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
बैठक में राजनगर पंचायत की मुखिया राजो टुडु, सांसद प्रतिनिधि भक्तु मार्डी, झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, दुर्गालाल मुर्मू, दुर्गापूजा समिति अध्यक्ष दिलीप राऊत, प्रेम मार्डी, हीरालाल सतपति, दिलीप महतो, सुधांशु महतो, राजकपूर प्रधान, पप्पू रॉय, राकेश दास, शेर मोहम्मद, उज्ज्वल मोदक और विनोद ज्योतिष समेत विभिन्न पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे. प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

