चाईबासा: चक्रधरपुर शहर के मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गई. रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया और करीब 40 से 50 मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. कुछ ही महीनों के अंतराल में इसी दुकान में दूसरी बड़ी चोरी ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है.


सोमवार सुबह दुकान संचालक आशीष पड़िया दुकान पहुंचे तो शटर टेढ़ा मिला. संदेह होने पर उन्होंने दुकान खोलने से पहले पुलिस को सूचना दी. पुलिस की मौजूदगी में दुकान खोली गई तो अंदर सामान बिखरा था और मोबाइल फोन के कई खाली डिब्बे पड़े मिले. रैक और दराज में रखे कई कीमती मोबाइल गायब थे.

सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. तकनीकी और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
23 जुलाई को भी इसी दुकान में हुई थी बड़ी चोरी
रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में इससे पहले 23 जुलाई को भी बड़ी चोरी हुई थी. उस दौरान चोरों द्वारा आईफोन, अन्य महंगे मोबाइल, लैपटॉप और CCTV सिस्टम का DVR तक चोरी किए जाने की बात सामने आई थी. उस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था. हालांकि दुकानदार का कहना है कि चोरी गए अधिकांश मोबाइल और अन्य सामान अब तक बरामद नहीं हुए हैं. अब तीन महीने के भीतर उसी दुकान को दोबारा निशाना बनाए जाने से सवाल उठ रहा है कि आखिर चोर बार-बार इसी प्रतिष्ठान तक कैसे पहुंच रहे हैं.
मुख्य सड़क पर वारदात, गश्त पर उठे सवाल
घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ाई है क्योंकि दुकान शहर के मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित है. रात में पुलिस गश्त के बीच चोरों का शटर क्षतिग्रस्त कर इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल लेकर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. पूजा और त्योहार के मौसम में व्यापारी बड़ी मात्रा में सामान रखते हैं. ऐसे समय में लगातार चोरी की घटनाएं कारोबारियों के लिए बड़ी चिंता बन सकती हैं. व्यापारियों की अपेक्षा है कि रात्रि गश्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की निगरानी और मजबूत की जाए.
कवरेज के दौरान मीडियाकर्मियों से कथित दुर्व्यवहार का आरोप
इस बीच घटनास्थल पर कवरेज करने पहुंचे कुछ स्थानीय मीडियाकर्मियों ने एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी पर कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. पत्रकारों का आरोप है कि कवरेज के दौरान उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से हटाया गया. इस आरोप पर एसडीपीओ का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

फिलहाल पुलिस चोरी गए मोबाइल और अन्य सामान की वास्तविक कीमत का आकलन करने के साथ चोरों की तलाश में जुटी है. लेकिन एक ही दुकान में कुछ महीनों के भीतर दूसरी बड़ी चोरी ने एक सवाल जरूर छोड़ दिया है. पिछली वारदात के बाद भी आखिर ऐसी कौन सी चूक रह गई कि चोर दोबारा उसी प्रतिष्ठान को निशाना बनाने में सफल हो गए ?

