चाईबासा: जिले के खुंटपानी प्रखंड के तोरसिंदुरी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित चार दिवसीय प्रथम क्लस्टर स्तरीय स्पोर्ट्स मीट-2026 का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई शामिल हुए.


चार दिनों तक चली प्रतियोगिता में 17 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और दौड़ समेत विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ अनुशासन और खेल भावना भी आकर्षण का केंद्र रही.

समापन समारोह में सफल खिलाड़ियों और विजेता टीमों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. बालिका वर्ग में मेजबान EMRS तोरसिंदुरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल, वॉलीबॉल और खो-खो में खिताब अपने नाम किया. वहीं बालिका कबड्डी में EMRS बहरागोड़ा विजेता बना.
बालक वर्ग में फुटबॉल का खिताब EMRS डूमुरिया, वॉलीबॉल का EMRS टोंटो, खो-खो का EMRS तांतनगर और कबड्डी का खिताब EMRS पोटका ने जीता.
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर बालिका वर्ग में EMRS तोरसिंदुरी और बालक वर्ग में EMRS पोटका को ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की गई.
विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है.
समापन समारोह में छात्र- छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, रजनी बानरा, डिंबू तियू, आसरा संस्था के निदेशक शिवकर पुरती, सचिव सरोज पुरती, कोषाध्यक्ष दीपिका चौधरी, विद्यालय की प्राचार्या गीतांजलि पान, उप प्राचार्य शशि भूषण मल्लिक ठाकुर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र- छात्राएं मौजूद रहे. आयोजन समिति ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया. राष्ट्रगान के साथ चार दिवसीय खेल महोत्सव का समापन हुआ.

