चाईबासा: जिले के आनंदपुर प्रखंड के बागचट्टा गांव में गुरुवार शाम छोटे गड्ढेनुमा तालाब में डूबने से मासूम भाई- बहन की मौत हो गई. मृतकों की पहचान गांव निवासी अगस्तीन टुडू के सात वर्षीय पुत्र गुलशन टुडू और तीन वर्षीय पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है. एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे आनंदपुर डीएवी स्कूल से घर लौटने के बाद खेल रहे थे. शाम को काम से लौटे पिता को दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर अमरूद के पेड़ के पास स्थित एक छोटे गड्ढेनुमा तालाब में दोनों बच्चे मिले.
बहन को बचाने के प्रयास में भाई के भी डूबने की आशंका
परिजनों और ग्रामीणों के बीच आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय छोटी एंजेल पहले पानी में गिर गई होगी और उसे बचाने के प्रयास में गुलशन भी तालाब में उतर गया होगा. हालांकि घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं होने के कारण दोनों बच्चे पानी में कैसे पहुंचे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है.

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गुरुवार को परिजनों ने दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार किया. एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से बागचट्टा गांव में शोक का माहौल है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

