जामताड़ा: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए कोलकाता और बनारस के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन चित्तरंजन स्टेशन पर भी रुकेगी. इससे जामताड़ा-चित्तरंजन क्षेत्र समेत आसपास के यात्रियों को पर्व के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.


रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 05048 बनारस-कोलकाता स्पेशल का परिचालन 6 अक्तूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा. वहीं, ट्रेन संख्या 05047 कोलकाता-बनारस स्पेशल 7 अक्तूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी. दोनों दिशाओं में कुल आठ-आठ फेरे निर्धारित किए गए हैं.
बनारस-कोलकाता स्पेशल ट्रेन बनारस से सुबह 10:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी. वहीं, कोलकाता-बनारस स्पेशल सुबह 8:25 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:15 बजे बनारस पहुंचेगी.
आसनसोल मंडल के अंतर्गत दोनों दिशाओं में दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है. ट्रेन में वातानुकूलित श्रेणी के कोच भी उपलब्ध रहेंगे.
पूजा और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग रोजगार एवं अन्य कारणों से दूसरे शहरों से अपने घर लौटते हैं. ऐसे में अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को नियमित ट्रेनों के अलावा एक और विकल्प उपलब्ध होगा.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

