सरायकेला: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को हुई लूट की वारदात के बाद सरायकेला- खरसावां जिले के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस ने खरकाई पुल के समीप एक युवक के पास से करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए हैं.


युवक की पहचान मुकुंद साव के रूप में हुई है. वह चौका थाना क्षेत्र के खूंटी का रहने वाला बताया जा रहा है. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस उसे पूछताछ और सत्यापन के लिए आदित्यपुर थाना ले गई.

प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह सुंदरनगर स्थित अपने मामा के घर से रुपये लेकर खूंटी जा रहा था. पुलिस उसके इस दावे और नकदी के स्रोत का सत्यापन कर रही है. फिलहाल युवक अथवा बरामद रकम का गोलमुरी केनरा बैंक लूटकांड से कोई संबंध स्थापित होने की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सत्यापन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

