जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक खुलने के कुछ देर बाद अपराधी अंदर दाखिल हुए और बैंककर्मियों व वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की. शुरुआती रिपोर्ट में सुबह करीब 10 बजे वारदात और कर्मियों को बंधक बनाए जाने की जानकारी सामने आई है.


बताया जा रहा है कि अपराधी बैंक से नकदी के साथ सोना भी लेकर फरार हुए हैं. लूटी गई संपत्ति की कीमत करोड़ों रुपये होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी बैंक अथवा पुलिस की ओर से रकम और सोने की मात्रा का आधिकारिक आकलन जारी नहीं किया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. बैंक तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अपराधियों के आने और भागने के रास्ते का पता लगाने के साथ उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है. प्रारंभिक सूचनाओं में अपराधियों की संख्या को लेकर भी अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है.

