जमशेदपुर: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तमोलिया की ओर से ‘हार्ट वॉकथॉन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है. वॉकथॉन रविवार, 27 सितंबर को सुबह छह बजे मोदी पार्क, कीनन स्टेडियम के समीप से शुरू होगा.


अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष का संदेश “Make every choice, a heart-first choice” दिया गया है. इसके माध्यम से लोगों को अपनी रोजमर्रा की जीवनशैली और फैसलों में हृदय स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया जा रहा है.
कदम से कदम मिलेंगे, दिल की सेहत का जाएगा संदेश
आयोजकों के अनुसार वॉकथॉन का उद्देश्य शहरवासियों के बीच हृदय को स्वस्थ रखने, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. अस्पताल ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में शामिल होकर दूसरों को भी स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की है.
वॉकथॉन का प्रारंभिक स्थल मोदी पार्क, कीनन स्टेडियम के पास निर्धारित किया गया है. कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए अस्पताल की ओर से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है. जारी पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर पंजीकरण किया जा सकता है.
अस्पताल ने कार्यक्रम के जरिए संदेश दिया है कि स्वस्थ हृदय की दिशा में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं. इसी सोच के साथ शहरवासियों को “Walk with us. Inspire others. Put your heart first” यानी साथ चलें, दूसरों को प्रेरित करें और अपने दिल को प्राथमिकता दें का संदेश दिया गया है.

