
चांडिल: सरायकेला- खरसावां की उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं और सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चयनित भूमि का जायजा लिया.


निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ वातावरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं को सरकार की सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया.
इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण कर भूमि हस्तांतरण सहित अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके.

दौरे के अंत में प्रखंड कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, लंबित जनशिकायतों और आवेदनों की समीक्षा की गई. डीडीसी ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूरा करने तथा सभी शिकायतों का त्वरित और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





