गम्हरिया: बोलाईडीह जाने वाली सड़क के किनारे सरकारी नल और शौचालय के आसपास कथित अतिक्रमण को लेकर सोमवार देर रात जमकर हंगामा हुआ. अतिक्रमण की सूचना पर पहुंचे वार्ड संख्या पांच की पार्षद विनीता कुमारी के प्रतिनिधि सह समाजसेवी अमरेंद्र कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह और फुटपाथ पर सब्जी दुकान लगाने वाले दुकानदार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. विवाद बढ़ने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई.


बताया जाता है कि पार्षद प्रतिनिधि को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले दुकानदार द्वारा सरकारी नल और सार्वजनिक शौचालय के आसपास की जगह पर अतिक्रमण किया जा रहा है. सूचना मिलने पर पिंटू सिंह मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया. वैसे सड़क का अतिक्रमण कर दुकान लगाने की यह कोई पहली घटना नहीं है. हर दिन फुटपाथ और सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकान लगाए जाते हैं. सुबह से लेकर देर रात तक मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है.

हटने की बात पर बढ़ा विवाद, मोबाइल से होती रही रिकॉर्डिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान दुकानदार और पार्षद प्रतिनिधि के बीच विवाद बढ़ गया. दुकानदार मोबाइल से पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग करता रहा. पार्षद प्रतिनिधि की ओर से अतिक्रमण हटाने की बात कहे जाने पर दुकानदार ने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि वह गलत तरीके से दुकान नहीं लगा रहा है और वहां से नहीं हटेगा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तेज हो गई. पार्षद प्रतिनिधि की ओर से आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई. हालांकि इस आरोप पर दुकानदार का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है. हंगामा काफी देर तक चलता रहा. मौके पर भीड़ बढ़ने के कारण बोलाईडीह जाने वाली सड़क पर छोटे- बड़े वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ.
अब शिकायत की तैयारी, जांच से साफ होगी अतिक्रमण की स्थिति
स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने सरकारी नल और सार्वजनिक शौचालय को अतिक्रमण से मुक्त रखने की मांग की है. मामले को लेकर संबंधित दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत किए जाने की बात भी सामने आ रही है. हालांकि संबंधित स्थान पर वास्तव में सरकारी भूमि अथवा सार्वजनिक सुविधा का अतिक्रमण हुआ है या नहीं, इसका अंतिम निर्धारण नगर निकाय अथवा सक्षम प्रशासनिक अधिकारी की जांच और अभिलेखों के आधार पर ही हो सकेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

