जमशेदपुर: गणेशोत्सव में भगवान गणेश को अर्पित 11 किलो का विशाल लड्डू इस बार 71 हजार रुपये में नीलाम हुआ. किताडीह बॉयज क्लब की ओर से आयोजित नीलामी में स्थानीय निवासी राम महतो ने सबसे ऊंची बोली लगाकर लड्डू प्राप्त किया. क्लब के अनुसार नीलामी से प्राप्त राशि जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता पर खर्च की जाएगी.


किताडीह बॉयज क्लब पिछले आठ वर्षों से गणेशोत्सव के दौरान विशाल लड्डू की नीलामी करता आ रहा है. क्लब अध्यक्ष बंटी सिंह ने बताया कि जब इस परंपरा की शुरुआत हुई थी, तब पहली बार लड्डू की बोली महज 500 रुपये लगी थी. धीरे-धीरे आयोजन के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ती गई और पिछले चार वर्षों से बोली 50 हजार रुपये से अधिक पहुंच रही है.
पिछले साल 70 हजार, इस बार 71 हजार की बोली
क्लब के मुताबिक वर्ष 2025 में 11 किलो के लड्डू की सर्वाधिक बोली 70 हजार रुपये लगी थी. इस बार राम महतो ने उससे एक हजार रुपये अधिक यानी 71 हजार रुपये की बोली लगाकर लड्डू अपने नाम किया. राम महतो ने कहा कि इस लड्डू के प्रति उनकी गहरी आस्था है. इसी मान्यता और श्रद्धा के कारण उन्होंने 71 हजार रुपये की बोली लगाई.
नीलामी की राशि से होती है जरूरतमंदों की मदद
क्लब पदाधिकारियों के अनुसार लड्डू की नीलामी से मिलने वाली राशि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, जरूरतमंद बच्चों और अन्य सामाजिक कार्यों में खर्च की जाती है. इस वर्ष भी नीलामी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणेश भक्तों ने हिस्सा लिया. क्लब का मानना है कि इस आयोजन की खासियत धार्मिक आस्था को समाजसेवा से जोड़ना है. नीलामी के माध्यम से जुटाई गई राशि जरूरतमंदों तक पहुंचाकर लोगों को एक- दूसरे की मदद के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है.

