सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को NIC सभागार में विद्यालय एवं महाविद्यालयों में Electoral Literacy Club (ELC) के गठन और संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.


बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं संस्थान प्रमुखों को निर्धारित प्रावधान के अनुसार अपने संस्थानों में ELC का गठन अथवा पुनर्गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. प्रत्येक क्लब के लिए एक शिक्षक या फैकल्टी सदस्य को Coordinator नामित किया जाएगा. संबंधित Coordinator पर गतिविधियों के संचालन, अभिलेख संधारण और पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी होगी.
18 वर्ष पूरे कर चुके विद्यार्थियों पर विशेष फोकस
बैठक का प्रमुख फोकस 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण रहा. विद्यालयों और महाविद्यालयों को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर Form-6 भरने के लिए प्रेरित करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. विद्यार्थियों को मताधिकार के साथ निर्वाचन प्रक्रिया और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति भी जागरूक किया जाएगा.
पोस्टर से लेकर नुक्कड़ नाटक और Election Quiz तक
ELC को केवल कागजी क्लब बनाकर नहीं रखने, बल्कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई गतिविधियां निर्धारित की गई हैं. इनमें Chromocracy – Poster & Infographic Challenge, Demos Theatre – Street Play for Democracy, Jurisballot – Mock Electoral Court, Vox Populi – Electoral Debate, Polis Protocol – Electoral Solution Lab, ElectraQuest – Ultimate Election Quiz और CineVote60 – Voter Awareness Reel शामिल हैं.
CineVote60 के तहत विद्यार्थी अधिकतम 60 सेकंड की मतदाता जागरूकता रील तैयार करेंगे. इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया समझने के साथ सवाल करने, चर्चा करने, तर्क रखने और समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
बेहतर काम करने वाले संस्थान होंगे सम्मानित
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि Form-6 के माध्यम से अधिक पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने और ELC गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को प्रोत्साहित किया जाएगा. उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित प्रधानाध्यापक अथवा संस्थान प्रमुख को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.
उपायुक्त ने ELC की प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड रखने के साथ फोटो, वीडियो और गतिविधि प्रतिवेदन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया. साथ ही स्पष्ट किया गया कि क्लब की गतिविधियां पूरी तरह गैर-राजनीतिक एवं निष्पक्ष हों और उनका उद्देश्य निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देना हो.
उपायुक्त ने कहा कि ELC का गठन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे. इसे विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने का सक्रिय माध्यम बनाया जाए. 18 वर्ष पूरे करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का मतदाता सूची में नाम जोड़ना प्राथमिकता में रखा जाए.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

