आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त आशियाना चौक से सोमवार शाम एक युवक को कथित रूप से जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने की घटना सामने आई है. युवक की पहचान अल्ताफ उर्फ़ हामिद के रूप में बताई जा रही है, जो कोलाबिरा के बालीगुमा का रहने वाला है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार-पांच की संख्या में युवक एक काले रंग की गाड़ी से आशियाना चौक पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने हामिद को सफेद रंग की कार संख्या JH05CE-5447 से उतारा और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर गम्हरिया की ओर ले गए.
युवक के मामा अफसर अली ने आरोप लगाया है कि अल्ताफ को हथियार के बल पर अगवा किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल युवक को ले जाने वाले लोगों की पहचान और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला अपहरण का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.

