रांची: पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त टेम्पू, XUV-500, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है.


पहली घटना 10 सितंबर की रात की है. गया निवासी 61 वर्षीय मो. अनजार अहमद ऑटो से लौट रहे थे. आरोप है कि बूटी मोड़ के पास ऑटो चालक उन्हें मुख्य सड़क से हटाकर सुनसान रास्ते पर ले गया, जहां चाकू का भय दिखाकर मारपीट की गई और 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल एवं दस्तावेज लूट लिए गए.
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह और चिक्कू कुमार यादव को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टेम्पू और लूटा गया सामान बरामद किया गया.
दूसरी घटना 13 सितंबर की रात की है. हर्ष कुमार अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे. कार्तिक उरांव चौक के समीप उनकी कार खराब होने पर वे रुके थे. इसी दौरान XUV-500 से पहुंचे कुछ लोगों पर हर्ष कुमार को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का आरोप है.
पुलिस ने तत्काल अलग- अलग टीमें बनाकर कार्रवाई करते हुए विनय कुमार साहू, अशगर खान, भोला नायक और आकाश कुमार साहू को गिरफ्तार किया. इनके पास से XUV-500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये नकद और हर्ष कुमार के हस्ताक्षर वाला एक स्टाम्प पेपर बरामद किया गया है. पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.

