जामताड़ा: संथाल परगना के व्यापार और उद्योग जगत की समस्याओं को राज्यस्तरीय मंच पर मजबूती से उठाने के लिए जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज सह संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सम्मानित किया है.


रांची स्थित चैंबर भवन में आयोजित सत्र 2025-26 की अंतिम वार्षिक बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया. संजय अग्रवाल को सत्र 2024-25 और 2025-26 के दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया.
फेडरेशन के अनुसार कार्यकारिणी समिति की बैठकों में संजय अग्रवाल की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही. उन्होंने बैठकों में संथाल परगना की व्यापारिक एवं औद्योगिक समस्याओं, सुझावों और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लगातार संगठन के समक्ष रखा. इससे कई मुद्दों के समाधान की दिशा में पहल करने में मदद मिली.
फेडरेशन ने संथाल परगना के क्षेत्रीय हितों को राज्यस्तरीय मंच तक पहुंचाने के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच समन्वय स्थापित करने में भी उनकी भूमिका की सराहना की.
सम्मान मिलने पर व्यापारिक समुदाय से जुड़े लोगों ने संजय अग्रवाल को बधाई दी. वहीं फेडरेशन ने उनके समर्पण और सक्रिय सहभागिता के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी व्यापार एवं उद्योग जगत के हित में इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

