जामताड़ा/ Manish Baranwal रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर सुरक्षा एवं विधि- व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा- निर्देश दिए गए हैं.

जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न मुहल्लों और गांवों में अखाड़ा जुलूस एवं महावीरी झंडा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 111 स्थानों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी की ड्यूटी 26 मार्च सुबह 08:00 बजे से 27 मार्च अपराह्न 10:00 बजे तक अथवा जुलूस विसर्जन तक निर्धारित की गई है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस केवल निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे और उसी मार्ग से वापस लौटेंगे. किसी भी प्रकार के रूट परिवर्तन, प्रतिबंधित मार्ग से जुलूस निकालने या संवेदनशील स्थलों जैसे मस्जिद, इमामबाड़ा, ईदगाह के पास से विवादित तरीके से गुजरने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक टिप्पणी या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अति संवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिहिजाम, नारायणपुर, करमाटांड़ और नाला थाना क्षेत्रों में 4 क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया टीम) का गठन किया गया है. साथ ही ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियो कैमरा से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
आपात स्थिति से निपटने के लिए मिहिजाम और जिला मुख्यालय में अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई है. वहीं दंगा नियंत्रण के लिए बस, वाटर कैनन, अश्रु गैस, वज्रवाहन और अन्य उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है. जिले में 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष पहले से कार्यरत है, जिसका दूरभाष संख्या 06433-222244 है. इसके अलावा डायल-112 सेवा भी सक्रिय रहेगी.
*महत्वपूर्ण संपर्क नंबर*
उपायुक्त, जामताड़ा- 9431130960, 06433-222435.
पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा- 9431130811, 06433-222021.
परियोजना निदेशक आईटीडीए- 7050104206.
अपर समाहर्ता- 9905940373.
अनुमंडल पदाधिकारी- 9693741777.
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)- 9470591046, 9661816050.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा- 9470591035, 9572145778. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नाला- 9470963390, 9304829320.
जिला नियंत्रण कक्ष- 9470591069, डायल-112.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.

