चांडिल: कपाली नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. टीओपी रोड पर करीब दो दिनों से एक मृत कुत्ता सड़क पर पड़ा रहा. इस दौरान राहगीर और वाहन गुजरते रहे, लेकिन उसे हटाने की व्यवस्था नहीं हुई. आखिरकार करीब 12 और 14 वर्ष के दो बच्चों ने आगे बढ़कर मृत कुत्ते को सड़क से हटाया.


बताया जा रहा है कि बच्चों ने पहले फल रखने वाली प्लास्टिक की कैरेट की व्यवस्था की. इसके बाद रस्सी की मदद से मृत कुत्ते को कैरेट में रखकर सड़क से हटाया. बच्चों की इस पहल को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृत पशु को सड़क से हटाना नगर परिषद की सफाई व्यवस्था का हिस्सा होना चाहिए. दो दिनों तक शव सड़क पर पड़े रहने से दुर्गंध और संक्रमण के साथ दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ था.
बच्चों ने देखी समस्या, नगर परिषद को क्यों नहीं दिखी ?
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की नियमित निगरानी पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि कपाली में पहले भी कूड़ा-कचरा, जलजमाव और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं. अब मुख्य सड़क पर दो दिनों तक मृत पशु का पड़ा रहना व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर करता है.
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब 12 और 14 साल के बच्चे समस्या देखकर अपनी जिम्मेदारी समझ सकते हैं, तो नगर परिषद का सफाई तंत्र समय रहते सक्रिय क्यों नहीं हुआ ?
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने, सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कराने और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर मृत पशु मिलने पर तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

