जामताड़ा: भर्ती व्यवस्था में सुधार और परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर देवेंद्रनाथ महतो की यात्रा गुरुवार को जामताड़ा पहुंची. यात्रा के चौथे दिन सातवें जिले के रूप में जामताड़ा पहुंचे महतो ने हाथ में संविधान की प्रति और तिरंगा लेकर पसोई चौक से इंदिरा चौक तक पैदल मार्च किया. इंदिरा चौक पर छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और नौकरी में दलाली के खिलाफ आंदोलन और तेज करने का ऐलान किया.


महतो ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के दबाव में सरकार ने 24 परीक्षाएं रद्द की हैं, जबकि 17 परीक्षाओं की जांच चल रही है और छह परीक्षाओं पर रोक लगाई गई है. उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ झारखंड के युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता देने की मांग की.
अपने संबोधन के दौरान महतो ने अभय तिवारी पर नौकरी में कथित दलाली से जुड़े गंभीर आरोप लगाए. इस दौरान उन्होंने कथित रूप से आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का भी इस्तेमाल किया. अभय तिवारी को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उनका पक्ष भी सामने नहीं आया है.
महतो ने कहा कि यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं, बल्कि अभिभावकों और झारखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़ी है. उन्होंने कहा कि 24 जिलों की यात्रा पूरी होने के बाद आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. मांगें पूरी नहीं होने पर जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन बंद का रास्ता अपनाने की भी चेतावनी दी. जामताड़ा में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देवेंद्रनाथ महतो अपनी यात्रा के अगले पड़ाव दुमका के लिए रवाना हो गए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

