जामताड़ा: शहर के गांधी मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित होने वाले गणेश पूजा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. सोमवार से गणपति की आराधना के साथ शुरू होने वाला महोत्सव लगातार 10 दिनों तक चलेगा. इस बार आयोजन को भव्य बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है.


समिति की ओर से पहली बार पूरी तरह वातानुकूलित (AC) पूजा पंडाल तैयार कराया जा रहा है. आकर्षक सजावट और विशेष विद्युत रोशनी से पंडाल को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है. श्रद्धालुओं को आरामदायक माहौल में भगवान गणेश के दर्शन कराने की व्यवस्था की जा रही है.
मेले में मनोरंजन का भी भरपूर इंतजाम
गांधी मैदान में पूजा के साथ भव्य मेला भी लगेगा. इसमें भूत बंगला, जलपरी, ब्रेक डांस और तारामाची सहित कई आकर्षण होंगे. बच्चों और युवाओं के लिए अलग-अलग झूले लगाए जाएंगे, जबकि खान-पान के स्टॉल भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे.
20 सितंबर को रक्तदान, 22 को विशेष हवन
धार्मिक आयोजन के साथ समिति ने सामाजिक सरोकार को भी जोड़ा है. 20 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा. समिति ने लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की है. वहीं 22 सितंबर को विशेष हवन का आयोजन होगा.
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है. समिति ने शहरवासियों से उत्साह और सौहार्द के साथ गणेश महोत्सव में शामिल होने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

