जामताड़ा: आसनसोल के व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूट के प्रयास के दौरान एक नाइट गार्ड को गोली मार दी. दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप हुई वारदात में 43 वर्षीय हरीदास लायक के पैर में गोली लगी है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.


जानकारी के अनुसार सालानपुर ब्लॉक की अल्लाडी पंचायत अंतर्गत धागुड़ी गांव निवासी हरीदास लायक बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी करने जा रहे थे. इसी दौरान डीपीएस के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर बैग छीनने का प्रयास किया.
हरीदास ने विरोध किया तो बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग कर दी. एक गोली उनके पैर में लगी. गोली लगने के बावजूद हरीदास ने हिम्मत दिखाई और मोबाइल से हमलावरों का वीडियो बनाने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि मोबाइल कैमरा देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरीदास को इलाज के लिए ESI अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीसी वेस्ट साना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.
व्यस्त NH-19 पर देर रात हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है. घटना ने रात में इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

