सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मोतीनगर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. जहां गम्हरिया ब्लॉक के पीछे स्थित मोतीनगर बस्ती में शनिवार देर रात चोर एक घर में घुसकर पांच मोबाइल फोन और अलमारी में रखे करीब 15 से 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय पूरा परिवार घर में मौजूद था, लेकिन किसी सदस्य को चोरों के आने-जाने की भनक तक नहीं लगी.


गृहस्वामिनी सुधा देवी के अनुसार रात में परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे. सुबह चोरी की जानकारी हुई. चोर घर में कब और कैसे दाखिल हुए और सामान लेकर कब निकल गए, इसका किसी को पता नहीं चला.
परिवार ने आशंका जताई है कि वारदात के दौरान चोरों ने किसी प्रकार के बेहोशी वाले स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार के सदस्यों को चोरी की भनक क्यों नहीं लगी.
दो दिन में दूसरी बड़ी वारदात, चोरों ने पुलिस को दी चुनौती
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि दो दिन पूर्व गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर में आशुतोष कुमार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था. वहां से करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और 28 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई थी. पुलिस उस मामले का खुलासा कर पाती, इससे पहले आदित्यपुर के मोतीनगर की नई वारदात ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है. लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और रात्रि पुलिस गश्ती की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं.
स्थानीय पार्षद शुभम पांडे ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने मोतीनगर सहित आसपास के इलाकों में नियमित रात्रि गश्ती बढ़ाने की भी मांग की. अब पुलिस के सामने चुनौती दोनों घटनाओं का जल्द खुलासा करने के साथ यह पता लगाने की भी है कि इन वारदातों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या अलग- अलग अपराधियों ने इन्हें अंजाम दिया है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

