चांडिल: निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में सरायकेला- खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त SIT ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में पूर्व में गिरफ्तार सरगना अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कथित सहयोगी पश्चिम बंगाल ट्रैफिक सार्जेंट अयान गुप्ता और सिविल वॉलंटियर ट्विंकल दास उर्फ मीमी दास को कोलकाता से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर चांडिल लाया गया. आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोनों की कथित संलिप्तता सामने आई थी. इसके बाद SIT ने 10 सितंबर को कोलकाता में कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया. इनके पास से तीन स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं.
गौरतलब है कि 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में 33 वर्षीय निखार सबलोक को गोली मार दी गई थी. इलाज के दौरान TMH में उनकी मौत हो गई थी.
इस मामले में सरगना अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव सहित सात आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी. अयान गुप्ता और ट्विंकल दास की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड में अब तक नौ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. संयुक्त SIT पूरे मामले की कड़ियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
आगे क्या ?
पुलिस सूत्रों की माने तो अगले हफ्ते META से राघव और गिरफ्तार अन्य अपराधियों का कॉल डिटेल, चैटिंग सहित अन्य डेटा मिल जाएगा उसके बाद कार्रवाई तेज की जाएगी. मामले में अपराधियों की लगभग गिरफ़्तारियां हो चुकी है. एक शूटर बचा हुआ है जिसकी गिरफ़्तारी को लेकर कार्रवाई चल रही है. अब निगाहें राघव के इनकम, फंडिग, पर्दे के पीछे के सहयोगियों, कथित मिडिया गैंग की भूमिका पर है. जल्द ही एक्शन देखने को मिलेगा. सरायकेला पुलिस के एक बड़े अधिकारी के अनुसार राघव के खिलाफ जितने प्रमाण मिले हैं उसे दोषी साबित करने के लिए काफ़ी है मगर पुलिस राघव का अखिलेश- विक्रम कनेक्शन और अपराध से जुड़े उनके काले साम्राज्य के जड़ तक पहुंचना चाहती है साथ ही इस गिरोह की अगली भूमिका और टार्गेट पर भी पैनी नजर रख रही है.

