जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में हुई दो अलग- अलग आपराधिक घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक मामला शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला करने का है, जबकि दूसरा बंद घर में चोरी से जुड़ा है. शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों मामलों की जानकारी दी.


सिटी एसपी ने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर 24 वर्षीय मो. कैफ पर कुछ युवकों ने चापड़ से हमला कर दिया था. हमले में कैफ के सिर पर गंभीर चोट लगी थी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT गठित की गई. टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी जिशान अंसारी (23) और मो. दिलरेज खान (20) को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
बंद घर से चोरी, करीब 10 लाख के जेवरात और बर्तन बरामद
दूसरे मामले में पुलिस ने 3 सितंबर को न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित महुआ सिन्हा बाबू के बंद घर में हुई चोरी का खुलासा किया है. CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 11 सितंबर को मो. जफर खान (32) को गिरफ्तार किया.
आरोपी की निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर क्वार्टर से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया. इनमें कांसा और पीतल के बर्तन के अलावा सोने का हार, मांगटीका, कान के टॉप, नथ तथा चांदी की थाली, गिलास, कटोरे, बेरा और अंगूठियां शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि जांच के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े कुछ आभूषण भी बरामद होने की बात सामने आई है. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है.

