जामताड़ा: बिंदापाथर थाना क्षेत्र के कुंजबोना अस्पताल के पास शनिवार को खेल सामग्री से लदा अशोक लेलैंड चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. वाहन का नंबर WB47C0798 बताया जा रहा है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. जानकारी के अनुसार, वाहन राजनगर की ओर से खेल सामग्री लेकर जा रहा था. कुंजबोना अस्पताल से कुछ दूरी पहले अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद वाहन में लदी खेल सामग्री भी अस्त-व्यस्त हो गई. बताया जा रहा है कि वाहन में काफी अधिक मात्रा में और ऊंचाई तक खेल सामग्री लदी हुई थी. दुर्घटना के बाद वाहन में सामान लोड करने के तरीके को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी ऊंचाई तक सामान लादकर वाहन का परिचालन करना सुरक्षा के लिहाज से कितना उचित है, इसकी जांच होनी चाहिए.


गनीमत रही कि वाहन के पलटने के समय सड़क पर कोई राहगीर या दूसरा वाहन उसकी चपेट में नहीं आया. यदि उस समय कोई व्यक्ति या वाहन सामने होता तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था.स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सामान ढोने वाले वाहनों की लोडिंग क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कवायद शुरू की गई.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

