चांडिल: अनुमंडल के रावताड़ा मोड़ स्थित न्यू बायपास सड़क किनारे एक होटल में सो रहे कारीगर की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनोहर महतो के रूप में हुई है. घटना के बाद होटल में अफरा- तफरी मच गई.


जानकारी के अनुसार मनोहर महतो रात में होटल के अंदर टेबल लगाकर सो रहे थे. बताया जा रहा है कि उनके तकिए में पहले से एक जहरीला करैत सांप छिपा हुआ था. सोने के दौरान सांप ने उन्हें काट लिया. सांप के काटने का एहसास होते ही उन्होंने इसकी जानकारी होटल मालिक को दी.
होटल मालिक ने बिना देर किए मनोहर महतो को इलाज के लिए चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल रेफर कर दिया.
MGM अस्पताल में मनोहर महतो का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद होटल से जुड़े लोगों और मृतक के परिचितों में शोक का माहौल है.

