जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार युवकों के हेलमेट तक चकनाचूर हो गए. एक युवक का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है.


जानकारी के अनुसार जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोंदलीपहाड़ी गांव निवासी सिद्धेश्वर सोरेन, प्रेम सोरेन और गोपी राय एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जामताड़ा से घर लौट रहे थे. तीनों इग्नू की परीक्षा देकर वापस जा रहे थे. वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी अजय मंडल और प्रकाश मंडल सवार थे. दोनों जामताड़ा कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे थे.
इसी दौरान पबिया पेट्रोल पंप के सामने दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पांचों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी युवक हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े.
108 के इंतजार में बीते 20 मिनट, राहगीरों ने रुकवाई दूसरी एंबुलेंस
हादसे के तत्काल बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी. ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. गंभीर रूप से घायल युवकों की हालत देखते हुए राहगीरों ने वहां से गुजर रही दूसरी एंबुलेंस को रुकवाया और पांचों घायलों को उसमें बैठाकर सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा.
घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की. दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसका पता लगा रही है.
इस हादसे में हेलमेट पहने होने के बावजूद युवकों को गंभीर चोट लगना टक्कर की भयावहता को दर्शाता है. वहीं गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद 108 एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के ग्रामीणों के आरोप ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की तत्परता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

