जामताड़ा: झारखंड में JSSC और JPSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच कराने और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा ने जामताड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं छात्रों ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की CBI जांच कराने की मांग की गई.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय शामिल हुए. उन्होंने कहा कि JSSC और JPSC की नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य के छात्र और युवा आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए.
रविंद्र राय ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उनके आंदोलन को दबाने के लिए मुकदमे दर्ज किए गए. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के समर्थन में राज्य के सभी जिलों में आवाज उठा रही है. पार्टी की मांग है कि नियुक्ति परीक्षाओं से जुड़े पूरे प्रकरण की CBI जांच हो और शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं. मांगें पूरी नहीं हुईं तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी.
छात्रों की आवाज दबाने का लगाया आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच मांगना छात्रों का अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपने भविष्य और अधिकार के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमे किए जा रहे हैं. इसी के विरोध में भाजपा ने डीसी और एसपी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया है.
पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल ने भी राज्य सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाया. भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि चुनाव के समय युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय आंदोलनरत छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.
नगर पंचायत की चेयरपर्सन आशा गुप्ता ने कहा कि छात्रों की शिकायतों और मांगों को सुनकर उनका समाधान किया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद के बजाय कार्रवाई का रास्ता अपना रही है.
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री अभय सिंह ने किया. मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, तरुण गुप्ता, मोहन शर्मा, सुकुमार सरखेल, सुजाता सिंह, दिलीप हेम्ब्रम, आभा आर्या, संजू देवी, कृष्णा महतो, अबीता हांसदा, विष्णु मंडल, महेंद्र मंडल, राजेंद्र राउत, प्रदीप राउत, रंजीत तिवारी, प्रिया दत्त, मनोज गोस्वामी, प्रवीण मिश्रा, अमित सिंह, अजय मंडल समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

