जामताड़ा: गिरिडीह के कार्मल स्कूल में आयोजित CISCE जोनल बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में सेंट जोसेफ स्कूल, श्रीरामपुर के कक्षा 10 के छात्र एवं खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर, जामताड़ा के खिलाड़ी पीयूष रंजन मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है.


पीयूष ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. उनकी इस सफलता पर सेंट जोसेफ स्कूल के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन ने बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय और पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विश्वास जताया कि पीयूष आगामी जमशेदपुर में आयोजित रीजनल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में देवघर जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे.
पीयूष की इस उपलब्धि में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक दीपक दुबे तथा खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर, जामताड़ा के कोच बजरंगी प्रियरंजन का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जिला खेल समन्वयक अमित कुमार साव, विद्यालय के उपप्राचार्य फादर माइकल तथा फादर बबलू ने भी पीयूष रंजन मुर्मू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





