जमशेदपुर: बर्मामाइंस स्थित मुखी समाज बस्ती में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शुक्रवार को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ. इसके साथ ही पूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया. मुखी समाज बस्ती में वर्ष 1975 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है.


भूमि पूजन के दौरान पूजा समिति के मुख्य संरक्षक एवं समाजसेवी राज कुमार सिंह ने पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने मां दुर्गा से बस्तीवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा गया.

पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दशक से अधिक समय से चली आ रही दुर्गा पूजा की यह परंपरा मुखी समाज बस्ती की धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता की पहचान बन चुकी है. हर वर्ष बस्ती के लोग आपसी सहयोग से पूजा का आयोजन करते हैं और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं.
इस वर्ष भी दुर्गोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है. समिति ने कहा कि आयोजन के माध्यम से समाज में सुख-शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा.
पूजा समिति में राज कुमार सिंह मुख्य संरक्षक, महेश मुखी सह संरक्षक, कलिया मुखी अध्यक्ष, सुरेश मुखी एवं निरंजन मुखी उपाध्यक्ष, नीरज मुखी महासचिव तथा स्नेह मुखी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
भूमि पूजन में बस्ती के मुखिया महेश मुखी, पूर्व मुखिया सुरेश मुखी, शिबू मुखी, कलिया मुखी, शंकर मुखी, गणेश मुखी, शिवराज मुखी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे. समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

