सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं के चयन और प्राथमिकता निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित कर विभिन्न पंचायतों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने की.


बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास की जरूरतों को सामने रखा. इस दौरान ग्रामीण संपर्क सड़कों, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, नाली निर्माण, सोलर लाइट और सामुदायिक भवन से संबंधित योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई.
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि योजनाओं के चयन में पारदर्शिता के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए. ऐसी योजनाओं का चयन किया जाए, जिनका लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिल सके. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने पर जोर दिया.
बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण और मरम्मत के साथ जल संरक्षण एवं कृषि से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता सूची में शामिल करने का प्रस्ताव रखा. सदस्यों ने कहा कि पंचायत स्तर की वास्तविक जरूरतों के आधार पर योजनाओं का चयन होने से विकास कार्यों का सीधा लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सकेगा. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न पंचायतों से आए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई.
बैठक में प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, पंचायत समिति सदस्य लालमनी सामाड, प्रखंड समन्वयक पंकज कुम्हार, पंचायत समिति सदस्य मलिका महतो, रामाय सोय उर्फ रघु, जयंती मुंडा, राजेश हेंब्रम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित लोग उपस्थित थे.

