जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे.


शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी. इस दौरान साइबर डीएसपी अमित रविदास और साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल भी मौजूद रहे.
दो थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलास के झुरमुट में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
वहीं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव स्थित तालाब के बगल आम बागान में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तसलीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21), दोनों निवासी चिरूडीह, अब्दुल लतीफ (27), निवासी बाकुडीह थाना नारायणपुर, उसमान गनी (25), निवासी अलगचुआ तथा जितेंद्र मंडल (43), निवासी मट्टांड़ थाना करमाटांड़ के रूप में हुई है.
999 रुपये कैशबैक का भेजते थे झांसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का मैसेज भेजते थे. इसके बाद ग्राहक को कैशबैक स्वीकार करने के लिए कहा जाता था. जैसे ही पीड़ित कैशबैक स्वीकार करता, आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे फर्जी एप में राशि पहुंच जाती थी.
क्रेडिट कार्ड बंद होने का भी देते थे झांसा
आरोपी SBI समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाते थे.
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती थी. इसके जरिए क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी.
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26, दिनांक 11 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जनवरी से अब तक 122 साइबर अपराधी गिरफ्तार
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान में कुल 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
इस दौरान पुलिस ने 304 मोबाइल फोन, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, तीन लैपटॉप, तीन पैन कार्ड, 14 लाख 700 रुपये नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

