चांडिल: प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं. इस दौरान विधायक ने चांडिल प्रखंड के 25 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया. साथ ही 35 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कर प्रखंड में अभियान की शुरुआत की.


विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अलग राज्य के गठन के लिए लंबा संघर्ष किया है. उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है. प्रमाण पत्र मिलने से आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से मिलने वाले लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गंभीर है.
चांडिल के 2500 विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल
विधायक ने बताया कि चांडिल प्रखंड क्षेत्र के कुल 2500 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जाएगा. गुरुवार को 35 विद्यार्थियों को साइकिल देकर इसकी शुरुआत की गई.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है. इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में सुविधा मिलेगी और दूरी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी.
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, समर भुईयां सहित प्रखंड के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित थे.

